Quiz 1 - राजस्थान: सामान्य परिचय, स्थिति एवं विस्तार (Rajasthan GK) | राजस्थान भूगोल क्विज

Quiz 1 - राजस्थान: सामान्य परिचय (Rajasthan GK) | राजस्थान भूगोल क्विज
राजस्थान: सामान्य परिचय, स्थिति एवं विस्तार क्विज: राजस्थान भूगोल की इस महत्वपूर्ण क्विज सीरीज में आपका हार्दिक स्वागत है। यदि आप राजस्थान की प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे REET, RPSC, RSSB, Patwar, CET, SI, शिक्षक भर्ती या अन्य राज्य स्तरीय परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, तो यह क्विज आपके लिए एक मजबूत आधार तैयार करने वाली है। आज हम जिस अध्याय से शुरुआत कर रहे हैं, वह है – 'राजस्थान का सामान्य परिचय, स्थिति एवं विस्तार'। यह अध्याय न केवल राजस्थान भूगोल की नींव है, बल्कि लगभग हर परीक्षा में बार-बार पूछे जाने वाले प्रश्नों का प्रमुख स्रोत भी है।

इस पहली क्विज में कुल 30 प्रश्न शामिल किए गए हैं और खास बात यह है कि सभी प्रश्न PYQ (Previous Year Questions) पर आधारित हैं। यानी ये वही प्रश्न हैं, जो पहले किसी न किसी परीक्षाओं में पूछे जा चुके हैं। इसका उद्देश्य आपको परीक्षा के वास्तविक स्तर और पैटर्न से परिचित कराना है। अभ्यर्थी कलम और पेपर लेकर अपने ज्ञान का परीक्षण अभी शुरू करें -

Quiz 1 - राजस्थान: सामान्य परिचय, स्थिति एवं विस्तार

समय शेष: 00:00
Quiz Details: इस राजस्थान जीके मॉक टेस्ट में कुल 30 महत्वपूर्ण प्रश्न शामिल हैं, जिनमें प्रत्येक प्रश्न के लिए 10 सेकेंड का समय निर्धारित है। सभी प्रश्न राजस्थान के विगत वर्षों की प्रतियोगी परीक्षाओं से लिए गए हैं, जिससे यह टेस्ट आपकी परीक्षा तैयारी के लिए बहुत उपयोगी है।



इस क्विज का उद्देश्य क्या है?

इस क्विज का मुख्य उद्देश्य केवल प्रश्न हल करवाना नहीं है, बल्कि आपको यह समझाना है कि:

• परीक्षा में किस तरह के प्रश्न पूछे जाते हैं

• किन तथ्यों पर बार-बार जोर दिया जाता है

• और किन टॉपिक्स को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है।

राजस्थान का सामान्य परिचय, उसकी भौगोलिक स्थिति, अक्षांश-देशांतर विस्तार, क्षेत्रफल, सीमाएं, पड़ोसी राज्य और देश, ये सभी ऐसे तथ्य हैं जो देखने में सरल लगते हैं, लेकिन परीक्षा में अक्सर भ्रम पैदा करने वाले विकल्पों के साथ पूछे जाते हैं जिनसे आप भ्रमित हो सकते हैं।



क्विज देते समय किन बातों का ध्यान रखें?

जब आप इस क्विज को हल करें, तो कुछ बातों का विशेष ध्यान रखें:

1. समय लेकर प्रश्न पढ़ें, प्रत्येक प्रश्न के लिए 10 सेकेंड की टाइमिंग दी गई है जो gk प्रश्नों के लिए बहुत होती है इसलिए जल्दबाजी न करें।

2. विकल्पों को ध्यान से देखें, क्योंकि PYQ आधारित प्रश्नों में विकल्प अक्सर भ्रमित करने वाले होते हैं।

3. यदि कोई प्रश्न गलत हो जाए, तो उसे केवल गलत मानकर आगे न बढ़ें, बल्कि यह समझने की कोशिश करें कि गलती क्यों हुई।

4. इस क्विज को केवल टेस्ट की तरह नहीं, बल्कि सीखने के माध्यम के रूप में लें।

इसीलिए क्विज देते समय इन बातों का विशेष ध्यान रखें। अभ्यर्थियों से निवेदन किया जाता है कि वह पेन और पेपर लेकर क्विज सीरीज को शुरू करें।



PYQ आधारित क्विज क्यों जरूरी है?

Previous Year Questions हमें यह बताते हैं कि परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रश्नों की सोच और स्तर क्या है।

जब आप बार-बार PYQ आधारित क्विज का अभ्यास करते हैं, तो:

• आपका आत्मविश्वास बढ़ता है

• तथ्य लंबे समय तक याद रहते हैं

• और परीक्षा में नए प्रश्न भी पुराने जैसे ही लगने लगते हैं

इस पहली क्विज का उद्देश्य आपको यही एहसास कराना है कि राजस्थान भूगोल कठिन नहीं है, बस सही दिशा में अभ्यास की जरूरत है।



इस क्विज में कौन से PYQ प्रश्न शामिल?

इस क्विज में राजस्थान का सामान्य परिचय, स्थिति एवं विस्तार के PYQ प्रश्न शामिल हैं। इस अध्याय से इस क्विज सीरीज में इन टॉपिको से प्रश्न पूछे गए हैं:

• राजस्थान की स्थापना, प्रतीक और क्षेत्रफल से संबंधित प्रश्न

• सीमाएं, जिले, संभाग और प्रशासनिक इकाइयां से संबंधित प्रश्न

• जिलों की स्थापना से संबंधित प्रश्न

इसके अलावा राजस्थान की अक्षांशीय एवं देशांतरिय स्थिति, राज्य की उत्तर-दक्षिण एवं पूर्व-पश्चिम विस्तार दूरी, राजस्थान की अंतर्राज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय सीमाएं, कौन-सा जिला उत्तर, दक्षिण, पूर्व या पश्चिम में स्थित है, राजस्थान की सीमाएं किन राज्यों और किस देश से लगती हैं आदि टॉपिको पर भी प्रश्न शामिल किए गए हैं।



क्विज सीरीज से पहले/बाद में इन फैक्ट्स को जरूर पढ़ें

इस क्विज सीरीज को शुरू करने या खत्म करने के बाद इस क्विज से सम्बंधित फैक्ट्स को जरूर पढ़ें - 

1. स्थापना

राजस्थान का एकीकरण 7 चरणों में हुआ, जो 18 मार्च 1948 से शुरू होकर 1 नवंबर 1956 को पूरा हुआ। हालांकि, 30 मार्च को 'राजस्थान दिवस' मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन बड़ी रियासतें (जयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर) संघ में शामिल हुई थीं।
 

2. राज्य प्रतीक

• राज्य वृक्ष (खेजड़ी): इसका वैज्ञानिक नाम Prosopis Cineraria है। इसे 31 अक्टूबर 1983 को राज्य वृक्ष घोषित किया गया। इसके फल को 'सांगरी' और सूखे फल को 'खोखा' कहते हैं। इसे 'रेगिस्तान का गौरव' और 'थार का कल्पवृक्ष' भी कहा जाता है। 1730 में जोधपुर के खेजड़ली गाँव में अमृता देवी बिश्नोई के नेतृत्व में 363 लोगों ने इस वृक्ष को बचाने के लिए बलिदान दिया था।

• राज्य पुष्प (रोहिड़ा): वैज्ञानिक नाम Tecomella Undulata। इसे 'मुलिस्तानी सागवान' या 'मरु शोभा' कहते हैं। इसके फूल मार्च-अप्रैल में खिलते हैं, जिनका रंग गहरा केसरिया-पीला होता है।

• राज्य पक्षी (गोडावण/Great Indian Bustard): वैज्ञानिक नाम Ardeotis Nigriceps। इसे स्थानीय भाषा में 'मालमोरड़ी' या 'हुकना' कहते हैं। यह मुख्य रूप से जैसलमेर के डेजर्ट नेशनल पार्क, अजमेर के सौकलिया और बारां के सोरसन में पाया जाता है। यह विश्व के सबसे भारी पक्षियों में से एक है।

• राज्य पशु: यहाँ दो श्रेणियाँ हैं। वन्यजीव श्रेणी में चिंकारा (Gazzella Bennettii) और पालतू श्रेणी में ऊंट (Camelus Dromedarius)। ऊंट को 30 जून 2014 को राज्य पशु घोषित किया गया था।

• राज्य खेल: बास्केटबॉल को 1948 में राजस्थान का राज्य खेल घोषित किया गया था।


3. भूगोल और क्षेत्रफल

• क्षेत्रफल: 3,42,239 वर्ग किमी। यह भारत के कुल क्षेत्रफल का 10.41% हिस्सा कवर करता है और क्षेत्रफल के आधार पर देश का सबसे बड़ा राज्य है।
 
• आकृति: प्रो. टी.एच. हैंडले के अनुसार राजस्थान की आकृति विषमकोणीय चतुर्भुज (Rhomboid) या पतंगाकार है।
 
• कर्क रेखा: कर्क रेखा (23 1/2° उत्तरी अक्षांश) राजस्थान के दक्षिणी भाग से बांसवाड़ा के मध्य से और डूंगरपुर की सीमा (चीखली गाँव) को छूते हुए गुजरती है। इसकी कुल लंबाई राजस्थान में लगभग 26 किमी है।


4. सीमाएं

• अंतरराष्ट्रीय सीमा: पाकिस्तान के साथ लगती 1070 किमी की सीमा को रेडक्लिफ रेखा कहते हैं। अब इस पर राजस्थान के 5 जिले (श्रीगंगानगर, अनूपगढ़, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर) स्थित हैं। हिंदू मलकोट (श्रीगंगानगर) इसका शुरुआती और बाखासर (बाड़मेर) अंतिम बिंदु है।
 
• राष्ट्रीय (अंतर्राज्यीय) सीमा: 4850 किमी की सीमा 5 राज्यों से लगती है:
  
• मध्य प्रदेश: 1600 किमी (सबसे लंबी), 10 जिले (धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, कोटा, बारां, झालावाड़ (सबसे लंबी अंतर्राज्यीय सीमा), चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, प्रतापगढ़ और बांसवाड़ा।)।
   
• हरियाणा: 1262 किमी, 8 जिले (हनुमानगढ़, चुरू, झुंझुनू, नीम का थाना (नया), कोटपूतली-बहरोड़ (नया), खैरथल-तिजारा (नया), अलवर और डीग (नया))।
   
• गुजरात: 1022 किमी, 6 जिले (बाड़मेर, सांचौर (नया - पहले जालौर लगता था), सिरोही, उदयपुर, डूंगरपुर और बांसवाड़ा)।
   
• उत्तर प्रदेश: 877 किमी, 3 जिले (डीग (नया), भरतपुर, धौलपुर)।
   
• पंजाब: 89 किमी (सबसे छोटी), 2 जिले (श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़)।


5. जिले, संभाग और प्रशासनिक इकाइयाँ

• जिले व संभाग: नए गठन के बाद राजस्थान में अब कुल 50 जिले और 10 संभाग हैं। नए संभाग सीकर, पाली और बांसवाड़ा बनाए गए हैं।
 
• सबसे बड़ा जिला: क्षेत्रफल की दृष्टि से जैसलमेर (38,401 वर्ग किमी) सबसे बड़ा है।
 
• सबसे छोटा जिला: नए सीमांकन के बाद दूदू को क्षेत्रफल में राजस्थान का सबसे छोटा जिला माना जाता है।
 
• संभागीय आयुक्त (Divisional Commissioner): यह संभाग का सर्वोच्च प्रशासनिक पद है जो IAS रैंक का अधिकारी होता है। संभाग व्यवस्था को 1962 में मोहनलाल सुखाड़िया सरकार ने बंद कर दिया था, जिसे 1987 में हरिदेव जोशी सरकार ने पुनः शुरू किया।


6. प्रमुख जिलों की स्थापना

• अजमेर: 1113 ई. में अजयराज चौहान द्वारा।
 
• जोधपुर: 12 मई 1459 को राव जोधा द्वारा।
 
• उदयपुर: 1559 ई. में महाराणा उदयसिंह द्वारा।
 
• बीकानेर: 1488 ई. में राव बीका द्वारा।
 
• जयपुर: 18 नवंबर 1727 को सवाई जयसिंह द्वितीय द्वारा (वास्तुकार: विद्याधर भट्टाचार्य)।
 
• जैसलमेर: 1155 ई. में रावल जैसल द्वारा।



निष्कर्ष

यह क्विज सीरीज केवल एक शुरुआत है। आने वाली क्विज में हम इसी अध्याय के और भी गहरे पहलुओं को कवर करेंगे। यदि आप नियमित रूप से इन क्विज को हल करते हैं और अपनी गलतियों से सीखते हैं, तो निश्चित रूप से राजस्थान भूगोल आपका मजबूत विषय बन जाएगा। पूरे आत्मविश्वास के साथ पेन और पेपर लेकर इस पहली क्विज को शुरू करें।





4/Post a Comment/Comments

एक टिप्पणी भेजें